उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के हिंसात्मक बवाल में मारे गए चौथे किसान गुरविंदर सिंह का घटना के तीन दिन बाद हुआ अंतिम संस्कार मौके पर पुलिस बल तैनात | ( धनंजय सिंह की खास रिपोर्ट )

( लखीमपुर खीरी जिले के हिंसात्मक बवाल में मारे गए चौथे किसान गुरविंदर सिंह का घटना के तीन दिन बाद हुआ अंतिम संस्कार मौके पर पुलिस बल तैनात )

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के हिंसात्मक बवाल में मारे गए चौथे किसान गुरविंदर सिंह का घटना के तीन दिन बाद बुधवार की सुबह अंतिम संस्‍कार हो गया है। गुरविंदर के शव का देर रात फिर से पोस्‍टमार्टम कराया गया।परिजनों ने फिर से पोस्‍टमार्टम की मांग करते हुए अंतिम संस्‍कार करने से मना कर दिया था। किसान नेता राकेश टिकैत के हस्‍तक्षेप के बाद देर रात फिर से गुरविंदर का पोस्‍टमार्टम हुआ। इसके बाद बुधवार सुबह परिजनों ने उनका अंतिम संस्‍कार कर दिया। गुरविंदर के शव को दूसरी बार पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार रात के बाद पोस्टमार्टम हाउस बहराइच लाया गया। लखनऊ से हेलीकॉप्टर से बहराइच पहुंची पीजीआई चिकित्सकों की टीम ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम शुरू किया।पोस्टमार्टम के दौरान वहां डीएम, एसपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।पूरा परिसर सील कर दिया गया था।परिसर में प्रशासनिक अफसर व अंदर डॉक्टरों की टीम मौजूद रही। पोस्टमार्टम के दौरान बाहर मोहरनिया व अन्य जगहों से आए भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। रात 1.45 बजे तक पोस्टमार्टम जारी रहा। कोई जिम्मेदार अफसर बाहर नहीं आया था। सुबह, गुरविंदर के अंतिम संस्‍कार के दौरान भी प्रशासन काफी सतर्क नज़र आया। सुरक्षा को देखकर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया था। आपको बता दें कि तीन अक्‍टूबर को लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया में हुए हिंसात्मक बवाल में चार किसानों सहित कुल आठ लोगों की मौत हो गई थी। प्रशासन के काफी समझाने-बुझाने के बाद किसानों के परिजन पोस्‍टमार्टम के लिए तैयार हुए थे।सोमवार को चारों किसानों का पोस्‍टमार्टम किया गया। पोस्‍टमार्टम के बाद 19 वर्षीय लवप्रीत सिंह, 65 वर्षीय नक्षत्र सिंह और 42 वर्षीय दलजीत सिंह का अंतिम संस्‍कार मंगलवार को ही कर दिया गया था जबकि 22 वर्षीय गुरविंदर सिंह के परिवारीजनों ने फिर से पोस्‍टमार्टम की मांग कर अंतिम संस्‍कार से इनकार कर दिया था।

Back to top button
error: Content is protected !!