अयोध्या रामलला की नगरी में राज ठाकरे का दौरे पर परमहंस दास का चुनौती भरा संदेश राजठाकरे माफ़ी मांगे बिना नही कर सकते अयोध्या नगरी प्रवेश । ( धन्नजय सिंह की खास रिपोर्ट )


( अयोध्या रामलला की नगरी में राज ठाकरे का दौरे पर परमहंस दास का चुनौती भरा संदेश राजठाकरे माफ़ी मांगे बिना नही कर सकते अयोध्या नगरी प्रवेश )
अयोध्या महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के मुखिया राज ठाकरे पांच जून को रामलला की नगरी अयोध्या आने वाले हैं। राज ठाकरे के दौरे का विरोध लगातार जारी है और ये दौरा विवादों में घिरता जा रहा है।कैसरगंज से भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह की चेतावनी के बाद अब रामलला की नगरी अयोध्या की तपस्वी छावनी पीठ के महंत जगत गुरु परमहंस दास आचार्य ने भी कहा है कि अगर राज ठाकरे माफी नहीं मांगते हैं तो उन्हें अयोध्या नहीं आने दिया जाएगा।महंत ने कहा कि राज ठाकरे अगर बिना माफी मांगे अयोध्या आते हैं तो उन्हें छठी का दूध याद दिला देंगे और अगर माफी मांगकर आते हैं तो कोई बात नहीं।एक हफ्ते का समय दिया जा रहा है। आपको बता दें कि अजान बनाम हनुमान चालीसा विवाद के बाद एमएनएस मुखिया राज ठाकरे पांच जून को रामलला की नगरी अयोध्या आने की घोषणा की है।राज ठाकरे की अयोध्या यात्रा का विरोध देखा जा रहा है।सबसे पहले उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के कैसरगंज से बाहुबली भारतीय जनता पार्टी के सांसद और अखिल भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने राज ठाकरे को अयोध्या में न घुसने देने की बात कही।हालांकि अयोध्या से भारतीय जनता पार्टी के सांसद लल्लू सिंह ने राज ठाकरे का समर्थन करते हुए कहा कि अयोध्या आने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है।भगवान राम की शरण में जो भी आएगा उसका स्वागत है। लल्लू सिंह ने कहा कि भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम से विनती है कि राज ठाकरे को सद्बुद्धि मिले और पीएम मोदी के मार्गदर्शन में काम करें। भाजपा सांसद लल्लू सिंह भले ही राज ठाकरे का समर्थन कर रहे हों,लेकिन दूसरी तरफ बृजभूषण शरण सिंह ने राज ठाकरे को चुनौती दी है। ब्रजभूषण सिंह ने कहा है कि उत्तर भारतीयों से जबतक राज ठाकरे माफी नहीं मांगते हैं तब तक उन्हें अयोध्या में घुसने नहीं दिया जाएगा। बृजभूषण शरण सिंह राज ठाकरे के विरोध में गोंडा,बहराइच और अयोध्या में कई जगहों पर पोस्टर भी लगाये हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने सख्त तेवर में कहा कि ये पार्टी का नहीं मेरा निजी आंदोलन है। मैं पहले भगवान राम का वंशज हूं, फिर उत्तर भारतीय और तब भाजपा सांसद हूं।उन्होंने लल्लू सिंह को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि वो जानते हैं कि अगर बृजभूषण शरण सिंह ने कह दिया तो राज ठाकरे नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि राज ठाकरे के अलावा महाराष्ट्र से कोई और आएगा तो उसका हम स्वागत करेंगे।
