उत्तर प्रदेश लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र हलाला के नाम पर पति बार-बार तलाक देकर बहनोई से करवाता था दुष्कर्म महिला ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार। ( धन्नजय सिंह की खास रिपोर्ट )


( खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र हलाला के नाम पर पति बार-बार तलाक देकर बहनोई से करवाता था दुष्कर्म महिला ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार )
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है।यहां एक महिला ने आरोप लगाया है कि हलाला के नाम पर उसके साथ दो बार यौन शोषण किया गया है।पीड़ित महिला का आरोप है कि निकाह के बाद पति ने दो बार उसे तलाक दिया फिर अपने दो बहनोई से हलाला करवाने के बाद तलाक वापस ले लिया। महिला का आरोप है कि अब तीसरी बार तलाक के बाद उसके ऊपर फिर से हलाला का दबाव बनाया जा रहा है,जिसके बाद पीड़िता पुलिस के पास पहुंच गई।
बहनोई की ख्वाहिश पूरी करने के लिए कराया हलाला
लखीमपुर खीरी में तीन तलाक के बाद हलाला के नाम पर आरोपी पति मोहम्मद शाहिद अली ने अपने बहनोई के साथ पत्नी को यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर कर दिया।शाहिद ने अपने बहनोई की ख्वाहिश पूरी करने के लिए अपनी पत्नी को दो बार तलाक दे दिया। हद तो तब हो गई जब तीसरी बार तलाक देने पर शाहिद की मां भी हलाला का दबाव बनाने लगी। इससे तंग आकर पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया है।
दो बार बहनोई से हलाला के नाम पर कराया बलात्कार
सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसका निकाह 12 साल पहले निघासन के रहने वाले मोहम्मद शाहिद अली से हुआ था। शाहिद आए दिन दहेज के नाम पर उसको मारता-पीटता था।उसको तरह-तरह की यातनाएं देता था। जब मन भर गया तब शाहिद ने तलाक दे दिया।उसके बाद अपने बहनोई इलियास को बुलाकर हलाला के नाम पर उसका बलात्कार करवाया। हलाला के बाद शाहिद ने दूसरी बार फिर से निकाह कर लिया। फिर उसको यातनाएं दीं, मारा-पीटा और फिर तलाक दे दिया।जब शाहिद के साथ रहने की जिद की तब शाहिद ने फिर हलाला कराने की शर्त रख दी और फिर जबरन अपने दूसरे बहनोई से हलाला करवा कर निकाह कर लिया।
तीसरी बार सास ने भी बनाया हलाला का दबाव
यह सिलसिला अभी रुका नहीं था कि निकाह के कुछ दिन बाद फिर शाहिद ने अपनी पत्नी को तलाक दिया और उस पर तीसरी बार हलाला का दबाव बनाया। इस्लाम के कानून का हवाला देते हुए शाहिद की मां ने भी पीड़िता पर दबाव बनाया। उसके बाद पीड़िता एसपी के पास न्याय की गुहार लगाने पहुंची है। एडिशनल एसपी नैपाल सिंह ने बताया कि उन्हें प्रार्थना पत्र मिला है, जिसपर मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा।

( धन्नजय सिंह की खास रिपोर्ट )
