झारखंड गढ़वा सदर अस्पताल के कोविड अस्पताल के बरामदे दरवाजे के सहारे फंदे से लटकत मिला युवक का शव जांच में जुटी पुलिस | (ताज कुरैसी की खास रिपोर्ट )


झारखंड गढ़वा के सदर अस्पताल के कोविड सेंटर में इलाजरत एक युवक की आज सुबह लाश बरामद की गई। युवक की लाश कोविड-19 अस्पताल के बरामदे के दरवाजे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। 14 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उसे कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों का कहना है कि युवक अस्पताल में भर्ती होने के बाद से डिप्रेशन में था। हालांकि जिस परिस्थिति में उसकी लाश मिली है, उससे हत्या का भी शक जाहिर किया जा रहा है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। युवक गढ़वा जिले के करकट्टा का रहने वाला था। लोगों के अनुसार, घटना से पहले रात में युवक ने खाना भी खाया था। इसके बाद इधर-उधर टहल रहा था। लोगों ने बताया कि रात 9 बजे से युवक का व्यवहार बदल गया था। सुबह होने पर जब लोग नींद से जागे तो गेट के सहारे उसका लटकता हुआ शव देखा। इस संबंध में थाना प्रभारी राम अवतार ने बताया कि कोविड अस्पताल में एक युवक की लाश बरामदे में गमछे के सहारे बने फंदे से लटकी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जल्दबाजी में कुछ भी कहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
