गोण्डा संचारी रोगों से समुदाय को सुरक्षित रखने के लिए सीएमओ डॉ आरएस केसरी ने हरी झंडी दिखाकर जागरुकता वाहन रैली को किया रवाना | ( निशिथ कुमार की खास रिपोर्ट गोंडा )


( सीएमओ ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के जागरुकता वाहन रैली को दिखाई हरी झंडी )
गोण्डा संचारी रोगों से समुदाय को सुरक्षित रखने के लिए जिले में एक माह तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का गुरुवार को शुभारंभ हुआ | इस अवसर पर शहर के गाँधी पार्क से सीएमओ डॉ आरएस केसरी ने हरी झंडी दिखाकर जागरुकता वाहन रैली को रवाना किया | इसके साथ ही अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एपी सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की प्रतिमा के समक्ष समुदाय को दिमागी बुखार, डेंगू, मलेरिया, फाईलेरिया व चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों से सुरक्षित रखने की शपथ दिलाई | वहीं अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका ने पर्यावरण को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुन्दर बनाने की अपील की | इस मौके पर सीएमओ डॉ आरएस केसरी ने कहा कि हम सभी दिमागी बुखार से गाँव, ब्लॉक, जनपद और प्रदेश को मुक्त कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं | अभियान के तहत व्यक्तिगत साफ़-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए विभिन्न सहयोगी विभागों के सहयोग से आमजन को जागरूक किया जाएगा | उन्होंने कहा कि यदि गाँव में में कोई बच्चा बुखार से पीड़ित मिले, तो तुरन्त उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में ले जाने हेतु उसके परिजन को प्रेरित करें | एसीएमओ डॉ एपी सिंह ने कहा कि अभियान में विभिन्न विभागों के सहयोग से जन समुदाय में संचारी रोगों, जिसमें मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया एवं अन्य संक्रामक बीमारियां हैं, उनसे बचाव एवं नियंत्रण के बारे में जागरूकता फैलाई जाएगी | नगर पालिका, नगर पंचायत गांव और शहरों में लोगों को जागरूक करेंगे | पानी इकट्ठा है, तो उसकी निकासी कराएंगे | नालियों में जल बहाव को अवरोधित ना होने देने, रुके हुए पानी के गड्ढों में सप्ताहिक एंटी लारवा, डीजल व मिट्टी के तेल का छिड़काव, ग्राम स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति को सक्रिय करना है | इसके अलावा जनमानस में बीमारी से बचाव के लिए सोते समय मच्छरदानी के प्रयोग करने के लिए प्रचार प्रसार किये जाने पर जोर दिया जायेगा | अभियान जनपद में वृहद स्तर पर चलाया जाएगा | इस अवसर पर यूनिसेफ के डीएमसी शेषनाथ सिंह, डीपीएम एनएचएम अमरनाथ, डीसीपीएम डॉ आरपी सिंह व आरकेएसके के जिला समन्वयक रंजीत सिंह, पाथ से अमरेश कुमार समेत स्वास्थ्य एवं अन्य सहयोगी विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे |

( निशिथ कुमार की खास रिपोर्ट गोंडा )
